Sunday, October 11, 2026
HomePunjabवित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिड़बा हलके के गांवों के विकास...

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिड़बा हलके के गांवों के विकास के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि के चेक सौंपे

दिड़बा, 02 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज विधानसभा हलका दिड़बा के करीब आधा दर्जन गांवों का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों के लिए पंचायतों को एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि के चेक सौंपे। उन्होंने बिना किसी औपचारिक समारोह के गांवों की सथों में पहुंचकर सरपंचों को चेक भेंट किए और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

गांव रोगला में फिरनी पर प्रीमिक्स डालने के कार्य का जायजा लेने और सरपंच मनप्रीत कौर को विकास कार्यों के लिए चेक सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहरों के साथ-साथ गांवों के सर्वांगीण विकास को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य पूरे करवाने के लिए पंचायतों को लगातार फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि गांव रोगला की फिरनी को करीब 90 लाख रुपये की लागत से 18 फीट चौड़ा किया जा रहा है और इस पर प्रीमिक्स डालने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले फिरनी की खराब हालत के कारण गांववासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस कार्य के पूरा होने से लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

वित्त मंत्री ने गांव कैंपर की सथ में पहुंचकर सरपंच गुरसेवक सिंह को भी विकास कार्यों के लिए ग्रांट का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि हलके के गांवों में पहले से चल रहे कार्यों के साथ-साथ बाकी जरूरी कार्यों के लिए भी राशि जारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांवों के विकास के लिए फंडों की कमी नहीं आने दी जाएगी।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कुछ गांवों में राजमिस्त्रियों और मजदूरों की कमी के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इन मुश्किलों के बावजूद सभी कार्य जल्द से जल्द पूरे करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि हलका दिड़बा के लगभग हर तीसरे गांव में शानदार खेल स्टेडियम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें नशों से दूर रखने और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि भूजल के संरक्षण के लिए नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाने के लिए पाइपें बिछाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नहरी पानी के अधिक से अधिक इस्तेमाल से भूजल पर निर्भरता कम होगी और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर गांव रोगला की सरपंच मनप्रीत कौर और गांव कैंपर के सरपंच गुरसेवक सिंह ने पंजाब सरकार और वित्त मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि गांवों में पहुंचकर पंचायतों को विकास कार्यों के लिए चेक सौंपना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री ने अपने आने की सूचना फोन पर दी और गांवों की सथों में मिलकर चेक सौंपे। सरपंचों ने कहा कि बिना किसी औपचारिक समारोह के ग्रांट के चेक सौंपने से पंचायतों का समय बचता है और समारोहों पर होने वाले खर्च से भी बचाव होता है।

इस अवसर पर ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, एसडीओ दलजीत सिंह, मार्केट कमेटी दिड़बा की चेयरपर्सन जसवीर कौर शेरगिल, नगर पंचायत दिड़बा के अध्यक्ष मनिंदर सिंह घुम्माण, आम आदमी पार्टी के युवा नेता लखविंदर सिंह काला और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments