लहरागागा, 4 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज विधानसभा क्षेत्र लहरा के गांव कालियां में श्री गुरु रविदास धर्मशाला का उद्घाटन कर इसे गांववासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर श्री सुखमनी साहिब के पाठ के भोग डाले गए और कैबिनेट मंत्री ने संगत के साथ समारोह में शिरकत की।
गांववासियों को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाना और इनका लाभ हर वर्ग तक पहुंचाना उनकी मुख्य प्राथमिकता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि धर्मशालाएं गांवों के सामाजिक और सामुदायिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। श्री गुरु रविदास धर्मशाला के निर्माण से गांववासियों को सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने गांववासियों से इस सामुदायिक भवन का उचित उपयोग और रखरखाव आपसी सहयोग से करने की अपील की।
श्री गोयल ने श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका समानता, मानव सम्मान और भाईचारे का संदेश समाज को जोड़ने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर आपसी प्रेम और सामाजिक एकता को और मजबूत किया जा सकता है।

इस अवसर पर ब्लॉक समिति सदस्य अजीत सिंह और अन्य गांववासियों ने गांव में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए कैबिनेट मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि श्री बरिंदर कुमार गोयल के प्रयासों के कारण गांव कालियां ने विकास के क्षेत्र में अग्रणी स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पिछले नेताओं ने गांव की जरूरतों की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया, जबकि अब करवाए जा रहे विकास कार्यों से गांववासियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
गांववासियों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए धन्यवाद करते हुए श्री गोयल ने कहा कि लोगों का सहयोग उन्हें और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गांव कालियां सहित विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता सनमीक सिंह हेनरी, ब्लॉक समिति सदस्य अजीत सिंह, माखन सिंह, गुलजार सिंह, मनदीप सिंह सहित आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





