Wednesday, November 25, 2026
HomeHaryanaप्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा का सफर देश के लिए...

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा का सफर देश के लिए प्रेरणास्रोत:कृष्ण लाल पंवार

कुरुक्षेत्र, 7 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा का सफर देश के लिए प्रेरणास्रोत है। आज 7 अक्टूबर का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने अपना लंबा जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाना है और इसी संकल्प को मजबूती देने के लिए सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया है। हम सब को मिलकर इस सपने को साकार करना है। सेवा, संकल्प और जनभागीदारी से ही विकसित भारत बनेगा।
विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को केशव पार्क (थीम पार्क) में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में बोल रहे थे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने  विकसित भारत सेवा संकल्प चौका अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को विकसित भारत 2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित अन्य अतिथियों ने मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान वंदे मातरम के उद्घोष और भारतीय संस्कृति से जुड़ी नगाड़ा व बीन पार्टियों ने सभी के अंदर उत्साह भर दिया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सेवा ज्योति यात्रा की मशाल को हाथ में लेकर थीम पार्क से यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा थीम पार्क से चलकर छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब, रेलवे रोड से होते हुए विकसिक भारत सेवा संकल्प चौक तक पहुंची। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा, चेयरमैन गुरनाम सैनी, उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, चेयरपर्सन माफी ढांडा अपने हाथों में मशाल को लेकर आगे बढ़े।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने लगभग हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटना और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे लंबे समय से देखे जा रहे सपने साकार हुए हैं। देश में आधुनिक सडक़ों और हाईवे का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत आज स्टील उत्पादन सहित अनेक क्षेत्रों में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। रेलवे विद्युतीकरण में तेजी आई है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। पीएम आवास योजना से जहां गरीब व्यक्ति को पक्की छत मिली, वहीं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से उनके घर रोशन हुए है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के अनेकों देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। विदेशों में भारतीयों के प्रति सम्मान और विश्वास बढ़ा है। योग को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।


महाभारत अनुभव केंद्र और रेलवे एलिवेटेड ट्रैक बने कुरुक्षेत्र की पहचान:सुभाष सुधा
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले को कई बढ़े प्रोजेक्टों की सौगात दी है। इनमें रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण कर 5 फाटकों से निजात दिलवाई है। महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर की लगातार पहचान बढ़ रही है। नेशनल हाईवे 152डी से हरियाणा को तीन घंटे में कवर करना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं पहले भी होती थी, लेकिन इसका सही लाभ संबंधित लोगों को मिलने में परेशानी होती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री ने योजनाओं की समीक्षा करके इनमें सकारात्मक बदलाव किए। ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि उदाहरण के तौर पर मनरेगा नाम से पहले भी योजना थी। उसमें सकारात्मक बदलाव कर जी राम जी योजना को क्रियान्वित की जा रही है, जिसके तहत अब ग्रामीण इलाके में 366 तरीके के कार्य करवाए जा सकते हैं। इन कार्यों में ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित लगभग सभी कार्य शामिल है। ऐसे ही केंद्र और राज्य सरकार की बहुत सी योजनाएं हैं, उनका लाभ जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। पिछले 25 सालों के दौरान ऐसे बहुत से कार्य हुए हैं, जिनका लाभ लोगों को मिला है। उन्हीं योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।
सेवा ज्योति यात्रा सेवा और सहयोग का संकल्प : रमेश सैनी
जिला अध्यक्ष रमेश सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यातिथि कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार सहित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे देश में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जा रही हैं। यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज की सेवा करने का संकल्प है। भाजपा के लिए सेवा कोई दिखावा नहीं, बल्कि सोच, संस्कार और संकल्प है। सेवा ज्योति इस बात का प्रतीक है कि आसपास कोई जरूरतमंद व्यक्ति हो तो उसके साथ खड़ा होना चाहिए।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, एडीसी पंकज सेतिया, एसडीएम अमन कुमार, चेयरमैन गुरनाम सैनी, वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, चेयरपर्सन माफी ढांडा, साहिल सुधा, राहुल राणा, सुशील राणा, आशीष चक्रपाणी, रमणीक सिंह, बीबी करतार कौर, राजकुमार सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments