Thursday, November 5, 2026
HomeHaryana23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगा तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला, मुख्यमंत्री...

23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगा तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे उद्घाटन

फरीदाबाद, 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक सूरजकुंड मेला परिसर, फरीदाबाद में किया जाएगा। चार दिवसीय यह मेला दिवाली के उत्सव, भारतीय कला एवं हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम होगा।

मेले के माध्यम से जहां लोगों को दिवाली की खरीदारी के लिए विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध होंगे, वहीं उन्हें परिवार के साथ मनोरंजन करने और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से परिचित होने का अवसर भी मिलेगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 23 अक्टूबर को मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

300 हस्तशिल्प स्टॉलों पर मिलेंगे दिवाली की खरीदारी के विविध विकल्प

मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, घर की सजावट से संबंधित सामान और दिवाली के लिए उपयोगी वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी।

इन स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों को पारंपरिक और आकर्षक उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन शिल्पकारों और कारीगरों को अपने हुनर एवं उत्पादों का प्रदर्शन करने तथा उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

विशाल फूड कोर्ट में चख सकेंगे विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का स्वाद

मेले में आने वाले लोगों के लिए विशाल फूड कोर्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ प्रतिष्ठित फूड ब्रांडों के लोकप्रिय पकवान उपलब्ध होंगे।

खान-पान के विविध विकल्प मेले में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। खरीदारी, खान-पान और मनोरंजन की गतिविधियां इस मेले को परिवारों के लिए एक विशेष उत्सवी अनुभव प्रदान करेंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत संध्या से सजेगा सूरजकुंड मेला परिसर

चार दिवसीय मेले के दौरान लोक कलाकारों, लोक नृत्य दलों और पारंपरिक कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आगंतुकों को देश की विविध लोक परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।

मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। उनकी गायकी के साथ अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले के माहौल को उत्साह और उमंग से भर देंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को संगीत और लोक संस्कृति का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

स्थानीय शिल्पकारों और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा

तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का उद्देश्य दिवाली से पहले लोगों को खरीदारी और मनोरंजन के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय कारीगरों और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना भी है।

यह आयोजन शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और लोगों को देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हरियाणा सरकार और हरियाणा पर्यटन विभाग ने दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले में परिवार सहित शामिल होकर इस उत्सव का आनंद लें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments