जाखल मंडी, 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): डीएवी स्कूल जाखल मंडी में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और आकर्षक प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विजयदशमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से परिचित करवाया गया। उन्हें बताया गया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए बच्चों को सत्य, मर्यादा, साहस और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें भारतीय त्योहारों के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम ने बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित की।
प्राचार्या कविता शर्मा ने विजयदशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विजयदशमी हमें सिखाती है कि जीवन में सदैव सत्य और अच्छाई का साथ देना चाहिए। हमें अपने अंदर की बुराइयों, जैसे क्रोध, अहंकार और ईर्ष्या को दूर करके अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।






