पटियाला, 19 अक्टूबर, 2026 ( चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब सरकार द्वारा खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते राज्य के युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसी कड़ी में जूनियर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और पटियाला जिले का नाम रोशन करने वाले होनहार खिलाड़ी जगशेर सिंह को डिप्टी कमिश्नर पटियाला डॉ. हिमांशु अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने जगशेर सिंह को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जगशेर सिंह की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। ऐसी उपलब्धियों से खिलाड़ी के माता-पिता और कोच का मान बढ़ने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जगशेर सिंह को भविष्य में भी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपनी खेल गतिविधियों को जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जगशेर सिंह आने वाले समय में भी अपनी शानदार खेल उपलब्धियों से देश और राज्य का नाम और रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करना बहुत जरूरी है। जगशेर सिंह जैसे होनहार खिलाड़ी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी उपलब्धियां जिले में खेल संस्कृति को और मजबूत करने में सहायक होंगी।
जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह धालीवाल ने बताया कि जगशेर सिंह को इससे पहले भी जिला प्रशासन पटियाला द्वारा उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण दिया है।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी पटियाला श्री नवजोत सिंह धालीवाल, पटियाला बैडमिंटन एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री विनोद वत्राणा, जगशेर सिंह के बैडमिंटन कोच श्री सुरेश कुमार, सरकारी स्कूल बहादुरगढ़ के शिक्षक श्री राकेश कुमार और जगशेर सिंह के माता-पिता भी मौजूद थे।






