रोहतक, 21 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विजयादशमी का त्योहार हमें बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश देता है। रावण के पुतले का दहन करने के साथ-साथ हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, झूठ, नफरत, भेदभाव, नशे और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को भी खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शक्ति का उद्देश्य अहंकार और अत्याचार करना नहीं, बल्कि अन्याय का अंत करना तथा समाज में धर्म और न्याय की स्थापना करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक में विजयादशमी के महापर्व पर श्री सनातनी युवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘बुराई से अच्छाई की ओर’ भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम के कलाकारों द्वारा 300 ड्रोन की मदद से आसमान में प्रस्तुत की गई श्रीराम गाथा की शानदार झलक भी देखी। उन्होंने कुंभकरण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन भी किया। समारोह के दौरान रावण दहन के साथ केशवल भक्ति रॉक बैंड की ओर से प्रस्तुत भजनों का भी आनंद लिया।
नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के आयोजक सनातनी युवा फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी से जुड़े भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर के संहार के प्रसंग हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।

सतयुग में भगवान नरसिंह ने हिरण्यकश्यप के अहंकार का अंत किया, त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने रावण का वध करके धर्म की स्थापना की और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती पर गीता का उपदेश देकर मानवता को धर्म और कर्तव्य का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि हर युग में अधर्म ने सिर उठाया है, लेकिन धर्म ने हमेशा उसका मुकाबला किया है। आज के दौर में रावण के हजारों चेहरे हैं, जिनमें झूठ, नफरत, भेदभाव, गलत नीयत, नशे, भ्रष्टाचार और बेटियों के साथ भेदभाव जैसी बुराइयां शामिल हैं। केवल रावण का पुतला जलाना काफी नहीं है, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करना ही इस त्योहार का वास्तविक संदेश है।
रामराज्य का अर्थ है हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिलना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि रामराज्य की कल्पना ऐसे समाज की है, जहां गरीबों को सम्मान, कमजोरों को न्याय, बहन-बेटियों को सुरक्षा और युवाओं को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ने के अवसर मिलें। सरकारी योजनाओं और सुशासन का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
500 वर्षों का सपना हुआ साकार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सदियों के इंतजार का परिणाम है। लगभग 500 वर्षों तक कई पीढ़ियों ने इस ऐतिहासिक पल का सपना देखा। आज रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व और इच्छाशक्ति के कारण यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है और बाकी संकल्पों को पूरा करने के लिए भी काम जारी है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हरियाणा का विकास जरूरी है। जब हरियाणा प्रगति करेगा, तो वह विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष ग्रोवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, सनातनी युवा फाउंडेशन के अध्यक्ष करण विग, सचिव संदीप गर्ग और कोषाध्यक्ष संजय टुटेजा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकार शोभिनव सत्य, पूर्णिमा तिवारी, विहान, चंदन, नेहा और पीयूष का स्वागत करते हुए उनकी प्रस्तुति की सराहना की। मुख्यमंत्री ने संत समाज की उपस्थिति और उनके आशीर्वाद को भी अपना सौभाग्य बताया।






