कुरुक्षेत्र 21 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि गांव चढूनी जाटान के तत्कालीन सरपंच के खिलाफ आई शिकायत को देखते हुए विभागीय विजीलेंस से जांच करवाई जा रही है। ग्रामीण जयपाल ने शिकायत में सरपंच पर ग्राम पंचायत द्वारा ग्रांटों के दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाया था।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को कुरुक्षेत्र में नए लघु सचिवालय के सभागार आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बैठक के एजेंडे में शामिल 12 शिकायतों में से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बैठक में स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव धंतौड़ी निवासी संजीव कुमार की शिकायत पर एसडीएम शाहाबाद की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। कमेटी में जिला शिक्षा अधिकारी, समिति के 4 सदस्य शामिल किए गए, जो पुलिस, स्कूल और शिकायत की सुनवाई के बाद रिपोर्ट पेश करेगी। शिकायतकर्ता संजीव कुमार ने शिकायत में बताया कि ज्ञान ज्योति विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल मोरथला में उसकी बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ती है। स्कूल की तरफ से जनवरी में टूर गया था। जहां पर उसकी बेटी की मौत हो गई। उसको मौत की सूचना नहीं दी और न ही कारण बताया गया।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव कारसा डोड निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। गांव सूढ़पुर निवासी ज्ञानचंद सैनी, गांव खेड़ी मारकंडा निवासी महिला की शिकायत की सुनवाई करते हुए समाधान किया। उन्होंने पानीपत के मतलोडा निवासी प्रो. राम निवास जंगम की शिकायत पर एसडीएम पिहोवा को निर्देश दिए कि वो जंगम धर्मशाला में लगे पत्थर को दोबारा लगवाएं। धर्मशाला परिसर पहले शिला पत्थर पर जो मैटर था उसमें मठ की जगह धर्मशाला करते हुए बाकी को ज्यों की त्यों रखा जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एचएसवीपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेक्टर-3 निवासी द्वारा ग्रीन बेल्ट में लगाए गए अवैध दरवाजे को हटाया जाए।
शिकायतकर्ता बात न माने तो विभागीय कार्रवाई करे
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने रेलवे रोड कुरुक्षेत्र निवासी फूला रानी की शिकायत पर मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को विभाग के नियम अनुसार कार्य करवाएं। यदि विभाग के नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता कार्य न करे तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए। अन्य मामले में पिहोवा निवासी कुलदीप की शिकायत पर एसडीएम पिहोवा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में राजस्व विभाग, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी विभाग, दो स्थानीय एमसी को शामिल किया गया। कमेटी द्वारा दोबारा से निशानदेही करवाएं और शिकायतकर्ता की सुनवाई करें।
सरपंच की कार्यशैली अच्छी नहीं, उपायुक्त को जल्दी फैसले करवाने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव रामगढ़ रोड़ निवासी रामेश्वर की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कहा कि गांव रामगढ़ रोड़ ब्लॉक पिहोवा की कार्यशैली अच्छी नहीं है। सरपंच के खिलाफ अलग-अलग शिकायतों में एसडीएम, डीआरओ के पास जांच चल रही है। उपायुक्त स्वयं इन जांचों को जल्दी निपटाने का कार्य करें। सरपंच की तरफ से ओटीपी के बिना कार्य नहीं होते हैं।
एक सप्ताह में आग लगने के नुकसान की भरपाई की कार्रवाई पर हो अमल
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लाडवा निवासी राम गोपाल की शिकायत पर नगर पालिका लाडवा को एक सप्ताह में आग लगने के नुकसान की भरपाई की कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके साथ ही विभाग के अधिकारियों को कहा कि आगे से ऐसे शिकायतों में किसी भी नागरिक को चक्कर न लगाने पड़े। अन्य मामले में जेजे कॉलोनी निवासी चरण सिंह व अन्य की शिकायत पर निर्देश देते हुए कहा कि कच्चे रास्ते को पक्का किया, ताकि आम आदमी को आने जाने में सुविधा मिल सके।
ये रहे बैठक में मौजूद
इस मौके पर विधायक थानेसर अशोक अरोड़ा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, एसडीएम पिहोवा डा. राहुल कनवारिया, एसडीएम थानेसर अमन कुमार, एसडीएम लाडवा राजेश कुमार सोनी, एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी, नगराधीश आशीष कुमार, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, उपाध्यक्ष डीपी चौधरी सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।






