कुरुक्षेत्र, 22 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिलाधीश एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। जिला के 20 बिजली कार्यालयों, सब-स्टेशनों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए और सभी सब-स्टेशनों पर तकनीकी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कानून व व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 16(1) व 17(2) की शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश पारित किए गए हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को लघु सचिवालय स्थित एनआईसी के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी उपायुक्त को उचित दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ हैं और फैसले के खिलाफ अपील दायर की जाएगी। संबंधित यूनियन भी सरकार के साथ मिलकर इस अपील का हिस्सा बन सकती है। इसके अलावा यूनियनों को जिस भी सहयोग की जरुरत होगी, उसको सरकार की तरफ से सहयोग किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा बिजली कर्मचारी व अभियंता संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा दिनांक 21 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है। जिला कुरुक्षेत्र में स्थित सभी बिजली सब-स्टेशनों पर स्थिति सामान्य होने तक तकनीकी कर्मचारियों/ग्राम सचिवों व पटवारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। किसी भी प्रकार से किसी को भी कानून अपने हाथों में नहीं लेने दिया जाएगा। हर स्टेशन पर पुलिस की डयूटी रहेगी।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के कार्यालयों व स्टेशनों की विशेष निगरानी रखी जाए। वहां पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और ड्रोन कवर किया जाए। उपायुक्त ने नागरिक अपील करते हुए कहा कि इस व्यवस्था में धैर्य बनाकर रखें और किसी भी प्रकार की सूचना को तुरंत प्रशासन के साथ सांझा करें। उन्होंने बिजली विभाग की यूनियनों से अपील की है कि प्रशासन यूनियन के साथ बातचीत व सरकार के स्तर पर चर्चा के लिए तैयार है। वो अपनी हड़ताल के दौरान शरारती तत्वों से सतर्क रहें और कानून को अपने हाथ में न लें।
बिजली संबंधी किसी भी दिक्कत परेशानी की सूचना के लिए नंबर किए जारी
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बिजली संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए प्रशासन ने नंबर जारी किए हैं और कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया। इनमें बिजली विभाग को टोल फ्री नंबर 1912, बिजली विभाग कुरुक्षेत्र 9315609669, एसई कंट्रोल रूम 9354726086, उपायुक्त कार्यालय 07144 220271, 01744 220935 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा प्रशासनिक व्हाटसअप नंबर 8295799322 पर व्हाटसअप मैसेज भेज सकते हैं।