Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaजिले में नशे को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत, विभिन्न...

जिले में नशे को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत, विभिन्न विभागों की टीमों का किया गठन:विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र, 23 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा):उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में नशे को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रयासरत है। इसके लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें नशा तस्करों को पकडऩे, तस्करी को रोकने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। जिला में सितंबर माह में जागरूकता का विशेष अभियान चलाया है, जिसके तहत 16 स्थानों पर 97 स्कूलों के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्कोर्ड की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक से पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की राज्य स्तरीय बैठक हुई, जिसमें नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तय किए गए रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने उसी रोडमैप के आधार पर जिला स्तर पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा राज्य को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के गठन के लिए कैटेगरी-ए में रखा गया है। एचएसएनसीबी को इसी मॉडल टेम्पलेट के अनुसार स्ट्रक्चर किया गया है और इसका पूर्ण संचालन मैनपावर की उपलब्धता से जोड़ा गया है। इस लक्ष्य को पूर्ण करने का टाइमलाइन निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि प्रभावी अभियोजन के लिए महत्वपूर्ण केसों की पहचान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। महत्वपूर्ण एनडीपीएस केसों को चिन्हित कर अभियोजन निदेशालय के साथ मॉनिटर किया जा रहा है। ड्रग कार्टेल के खिलाफ वित्तीय जांच को तेज किया गया है। चिन्हित कार्टेल केसों में वित्तीय जांच का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत ड्रग कार्टेल चिन्हित किए जा चुके हैं और उन्हें ध्वस्त करने के लिए ऑपरेशन जारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोडऩे के लिए सबसे कारगर साबित हो रहा है। अपराध से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने का राष्ट्रीय लक्ष्य है।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, आबकारी एवं कराधान विभाग को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ काम करें। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर भी सरपंचों, पंचों और एनजीओ की मदद से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ सुखबीर सिंह, डीएसडब्ल्यूडी सुरजीत कौर सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments