जयपुर, राजस्थान, 24 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): राजस्थान की राजधानी जयपुर में बगरू पुल के पास ट्रैवलर बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर बस में कुल 28 यात्री सवार थे। ये सभी महाराष्ट्र के नासिक से सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बगरू पुल के पास बस की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।






