Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaहरियाणा में ₹219.91 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, बोलीदाताओं से बातचीत...

हरियाणा में ₹219.91 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, बोलीदाताओं से बातचीत के जरिए ₹18.81 करोड़ की बचत

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में ₹219.91 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इन कार्यों के लिए विभिन्न एजेंसियों ने ₹233.68 करोड़ की राशि की बोलियां लगाई थीं। बातचीत के जरिए सरकार ने ₹18.81 करोड़ की बचत सुनिश्चित की। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।

बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित ठोस कचरा प्रबंधन, सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, जलापूर्ति, सीवरेज, जल निकासी, स्ट्रीट लाइटिंग, ग्रीन बेल्ट, पार्कों और अन्य शहरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया गया। बैठक में कुल 13 एजेंडे पेश किए गए, जिनमें से 11 को मंजूरी दी गई, जबकि दो प्रस्ताव स्थगित रखे गए।

समिति ने नारनौल क्लस्टर में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले शहरी ठोस कचरे के प्रसंस्करण के लिए ₹18.70 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी। इस परियोजना में नारनौल, महेंद्रगढ़, कनीना, नांगल चौधरी और अटेली मंडी को शामिल किया गया है। इसके अलावा, गुरुग्राम में ठोस कचरा प्रसंस्करण परियोजना को ₹38.79 करोड़ और फरीदाबाद के प्रतापगढ़ गांव में इसी तरह की परियोजना को ₹17.14 करोड़ की लागत से मंजूरी दी गई।

बैठक में हिसार शहर में दूध की डेयरियों को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने से संबंधित परियोजना को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, ग्रीन बेल्ट और पार्कों के उन्नयन, मरम्मत एवं रखरखाव के कार्यों को स्वीकृति दी गई। इनमें नई स्वीकृत कॉलोनियों के पार्कों तथा दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुरूप पार्कों से संबंधित कार्य भी शामिल हैं।

बैठक में नगर निगम पानीपत के वार्ड नंबर 20 में ₹17.94 करोड़ की लागत से बैंक्वेट हॉल के निर्माण को मंजूरी दी गई। वहीं, पलवल में आगरा चौक से श्रद्धानंद पार्क के अंतिम छोर तक सड़क के दोनों ओर मॉडल रोड के निर्माण के लिए ₹9.28 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई।

बैठक में नगर निगम फरीदाबाद के लिए बल्लभगढ़ में कार्यालय भवन के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। फरीदाबाद के वार्ड नंबर 39 स्थित सीही गांव में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, सीवरेज, जल निकासी और स्ट्रीट लाइटिंग से संबंधित कार्यों के लिए ₹17.77 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। इसी तरह, वार्ड नंबर 35 के भुडैना गांव में इन सुविधाओं के विकास के लिए ₹13.85 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी गई।

सिरसा शहर में वर्षा जल निकासी प्रणाली बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की दोबारा कारपेटिंग और मरम्मत के कार्य को भी मंजूरी दी गई। इस कार्य पर ₹13.29 करोड़ की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments