हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश अनुकूल नीतियों और विकास की संभावनाओं से रूबरू होंगे उद्योग जगत के प्रतिनिधि
हरियाणा , 26 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने और राज्य में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों से देश-विदेश के निवेशकों को अवगत कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 27 और 28 अक्टूबर, 2026 को गुजरात के सूरत और गांधीनगर का दौरा करेगा।
इस दौरान निवेशकों के साथ सीधा संवाद, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें और हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो के माध्यम से राज्य की औद्योगिक एवं आर्थिक संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अक्टूबर को सूरत में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार और हरियाणा में कारोबार स्थापित करने से जुड़े अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद प्रवासी मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद होगा। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
गांधीनगर में होगा हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो
डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि 28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इस रोडशो का उद्देश्य उद्योग जगत को हरियाणा में निवेश की व्यापक संभावनाओं से अवगत कराना, निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और राज्य में नए औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा में उपलब्ध औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश अनुकूल नीतिगत वातावरण, मजबूत कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद व्यावसायिक अवसरों को रेखांकित किया जाएगा।
इसके अलावा, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ निवेश प्रस्तावों, संभावित परियोजनाओं और व्यावसायिक साझेदारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। निवेश से संबंधित समझौता ज्ञापनों (एमओयू) की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने, विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत बनाने और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से ‘मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ लागू की है।
राज्य सरकार का लक्ष्य इन नीतिगत पहलों के माध्यम से वर्ष 2030-31 तक लगभग 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करना और 10 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है। इससे हरियाणा में औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार






