Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaजिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में 668 युवाओं को मिले ऑफर लेटर

जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में 668 युवाओं को मिले ऑफर लेटर

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने वितरित किए ऑफर लेटर, 65 कंपनियों ने लिया भाग

गुरुग्राम , 27 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। युवाओं को अपने कौशल को निखारते हुए आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अनुभव और हुनर के आधार पर भविष्य में अपना उद्योग या कारोबार स्थापित कर सकें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।

राव नरबीर सिंह सोमवार को राजकीय महिला कॉलेज, सेक्टर-14, गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और तकनीक के साथ-साथ उद्योगों की जरूरतें भी बदल रही हैं। ऐसे में युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को लगातार बढ़ाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने और निवेश बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए खुद को तैयार करना होगा।

विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण का संरक्षण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने की अपील की।

मेगा रोजगार मेले में 65 कंपनियों ने भाग लिया। इस दौरान 1,456 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 980 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया और 668 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments