हरियाणा, 28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों को उसी पद और उसी स्टेशन पर तैनात न रखा जाए, जिन्हें राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा रंगे हाथों पकड़ा गया है और जो जमानत पर रिहा हैं।
सतर्कता विभाग द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला संबंधित अधिकार क्षेत्र से दूर किसी अन्य स्टेशन पर किया जाएगा। जहां तक संभव हो, उन्हें आसपास के सीमावर्ती जिलों से भी बाहर तैनात किया जाएगा, ताकि शिकायतकर्ता और गवाहों पर किसी भी प्रकार का अनुचित प्रभाव न पड़े और मुकदमे की सुनवाई निष्पक्ष तरीके से हो सके। जिला कैडर के अधिकारियों और कर्मचारियों के मामले में उनका तबादला उसी जिले के भीतर किसी अन्य दूर-दराज के स्टेशन पर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सरकार के संज्ञान में आया है कि ट्रैप मामलों में रंगे हाथों पकड़े जाने और जमानत पर रिहा होने के बाद भी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उसी स्टेशन पर तैनात रहते हैं, जहां उनके मामलों की सुनवाई चल रही होती है।
इससे शिकायतकर्ता और अभियोजन पक्ष के गवाहों को प्रभावित करने, डराने या उन पर दबाव डालने की आशंका बनी रहती है। ऐसी स्थिति में न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के निर्देश जारी किए हैं।






