हरियाणा , 28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन के तहत वर्ष 2026-27 के दौरान गन्ना किसानों को मशीनीकरण और आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए किसान 31 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत किसान पावर ऑपरेटेड गन्ना सेट ट्रीटमेंट उपकरण (30 से 120 लीटर क्षमता), पावर वीडर (इंजन चालित, 5 से 7.5 बीएचपी तक), गन्ना रैटून प्रबंधन उपकरण, चौड़ी कतारों वाला रिजर, रोटावेटर (4 फीट), ट्रैक्टर चालित स्प्रेयर, सबसॉइलर/चिजलर, गन्ना कटर/स्ट्रिपर/प्लांटर और मिनी ट्रैक्टर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ उठा सकते हैं।
इन कृषि यंत्रों का लाभ लेने के इच्छुक किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर जाकर 31 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने किसानों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।