चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए अगले दो वर्षों के लिए गन्ने के भाव में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वर्ष 2026-27 के सीजन में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल होगा, जबकि वर्ष 2027-28 में इसे बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। इस तरह दो वर्षों में गन्ने के भाव में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2025-26 में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल था। इसमें 15 रुपये की बढ़ोतरी करके वर्ष 2026-27 में इसे 430 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। इसके बाद वर्ष 2027-28 में किसानों को 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ने का भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर गन्ने की पैदावार 700 से 800 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होती है। इस आधार पर गन्ने के भाव में बढ़ोतरी से किसानों की आमदनी प्रति सीजन, प्रति एकड़ 10 हजार रुपये से लेकर 11 हजार 300 रुपये तक बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों कई किसान संगठनों के साथ हुई बैठक के दौरान किसानों ने डीजल, मजदूरी और खाद की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण खेती की लागत बढ़ने पर चिंता जताई थी। गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल करने से किसानों को बढ़ी हुई लागत की भरपाई करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गन्ने के भाव में बढ़ोतरी से किसान इसकी खेती करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे गन्ने का उत्पादन बढ़ेगा और चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सकेगा। इससे मिलें अपनी पूरी क्षमता के साथ काम कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अगले वर्ष के गन्ने का भाव पहले से घोषित होने से किसानों को अपनी खेती की योजना बनाने में आसानी होगी। राष्ट्रीय स्तर पर गन्ने की कमी के बीच यह कदम किसानों को अन्य फसलों की ओर रुख करने से रोकने में भी मददगार साबित होगा।






