टोहाना, 31 अक्तूबर 2026 (संजीव शर्मा): लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के महान शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज 31 अक्तूबर को टोहाना में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों सहित क्षेत्र के आमजन की भागीदारी रहेगी। हरियाणा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री देवेंद्र सिंह बबली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
एसडीएम आकाश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को एकता एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके आदर्शों, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करने का अवसर है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रातः 6:30 बजे सभी प्रतिभागी अंबेडकर चौक पर एकत्रित होंगे। प्रातः 6:45 बजे मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा तथा प्रातः 7 बजे रन फॉर यूनिटी की शुरुआत अंबेडकर चौक से होगी। यह दौड़ रतिया रोड होते हुए मारुति शोरूम के सामने स्थित न्यू बाईपास मोड़ तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एसडीएम आकाश शर्मा ने टोहाना क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और ‘रन फॉर यूनिटी’ को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सहयोग, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।






