चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा की अध्यक्षता में हुई बैठक; 309 नई स्वयं की स्वामित्व वाली साधारण बसों को बेड़े में शामिल करने सहित प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
पटियाला, 31 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की 248वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक आज पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान कर्मचारी संगठनों की मांगों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी हितैषी फैसले लिए गए। इसके साथ ही पीआरटीसी के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
बैठक में प्रबंध निदेशक मनीषा राणा, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नवदीप कुमार, वाइस चेयरमैन बलविंदर सिंह झाड़वां, निदेशक गुरप्रीत सिंह विर्क, मुख्य लेखा अधिकारी राजेश शर्मा, जनरल मैनेजर (प्रशासन) अमनवीर सिंह टिवाणा, कार्यकारी अभियंता जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल, जनरल मैनेजर (खरीद) मोहिंदरपाल सिंह और जनरल मैनेजर (कंप्यूटर्स) रमन शर्मा सहित वित्त विभाग तथा राज्य परिवहन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने बताया कि बैठक के दौरान निगम के भविष्य के विकास और आय के नए स्रोत सृजित करने के उद्देश्य से चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें मुख्यालय और डिपो में सोलर सिस्टम स्थापित करने, रिटेल पेट्रोल पंप शुरू करने, पुराने बस स्टैंड को दोबारा चालू करने तथा पीआरटीसी के स्वयं के स्वामित्व वाली 309 नई साधारण बसों को निगम के बेड़े में शामिल करने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए अधिक तेजी और आपसी तालमेल के साथ काम किया जाए। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी के कामकाज में सुधार करना, यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाना, निगम के संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करना और इसे आर्थिक रूप से और मजबूत बनाना प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पीआरटीसी की प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्मचारियों के जायज हितों की रक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना निगम की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण और विभाग के विकास को साथ लेकर चलने से ही पीआरटीसी को और मजबूत बनाया जा सकता है तथा इसे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला परिवहन निगम बनाया जा सकता है।






