पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
टोहाना, 31 अक्तूबर, 2026 (संजीव शर्मा): लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को उपमंडल टोहाना में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। दौड़ में स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज के छात्र-छात्राओं, युवाओं, खेल प्रशिक्षकों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अम्बेडकर चौक से हुआ। इस दौरान पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित करके मुख्य अतिथि ने उनके जीवन, उनके संघर्षों तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिन हमें देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण भी करवाता है। सरदार पटेल आधुनिक भारत के निर्माण के प्रमुख शिल्पकार थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्रता के समय बिखरी 562 रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर देश को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके इसी अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में सरदार पटेल के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं। हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता और नागरिकों की आपसी एकजुटता में निहित है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना भी मजबूती से किया जा सकता है।
पूर्व मंत्री ने उपस्थित लोगों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली सोच से दूर रहकर आपसी विश्वास, सहयोग और सद्भाव को बढ़ावा देना ही राष्ट्रीय एकता दिवस की सच्ची भावना है।
कार्यक्रम में एसडीएम आकाश शर्मा, नायब तहसीलदार परवीन, नगर परिषद सचिव मनीष, विकास ललौदा, संजय रेवड़ी, बलदेव सैनी, रमेश गोयल, प्रवीण गिल, रामदेव भारद्वाज, ईश्वर सैनी, कृष्ण गोयल, सुरेंद्र सैनी, अवनीश वालिया, सुभाष गर्ग, जितेंद्र बंसल, ईश्वर खोबड़ा, संदीप शर्मा, निशांत कामरा, रमन सैनी, एबीपीओ संदीप जांगड़ा, कोच दीपक मील सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं शहरवासी मौजूद रहे।






