फतेहगढ़ साहिब, 1 नवंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): मेरा युवा भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी, फतेहगढ़ साहिब के सेमिनार हॉल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. प्रीत पाल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी सोच और समझ का सही इस्तेमाल करते हुए बिना किसी लालच या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री कार्तिक सिंगला ने युवाओं को मेरा भारत पोर्टल के माध्यम से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मंत्रालय की ओर से पहुंचे यूथ आइकन श्री रचित जैन ने ‘अपने मताधिकार का महत्व’ विषय पर विस्तारपूर्वक प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का सही और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उनका उचित उपयोग करने की भी अपील की।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी अमनदीप कौर, डॉ. हरनीत बलिंग, सुखलीन कौर, अमनदीप कौर तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।






