यमुनानगर, 02 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यमुनानगर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा और अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कंवरपाल गुर्जर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह का सीधा प्रसारण देखा। इसके माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन सुने गए। वक्ताओं ने हरियाणा के छह दशकों के सफर, विकास कार्यों, उपलब्धियों और राज्य की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर अपने विचार रखे।
लोक संस्कृति और कला का दिखा रंग
समारोह में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जगाधरी स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत की। न्यू हैप्पी स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोकनृत्य प्रस्तुत कर प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाया।
यमुनानगर की सब्जी मंडी स्थित सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी समूह में हरियाणवी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं जीएनजी कॉलेज की छात्राओं ने वाद्य यंत्रों पर आधारित संगीत प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। गुरदेव सिंह के नेतृत्व में आए समूह ने हरियाणवी रागनियों और हरियाणा दिवस को समर्पित गीतों के माध्यम से प्रदेश की लोक परंपराओं की झलक पेश की।
किसानों, युवाओं और खिलाड़ियों के योगदान को सराहा
मुख्य अतिथि कंवरपाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा ने अपने गठन के बाद से विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति में मेहनतकश किसानों, युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन सभी वर्गों की मेहनत और समर्पण ने राज्य को देशभर में पहचान दिलाने में भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, रादौर के एसडीएम नरेंद्र कुमार, मार्केट कमेटी के चेयरमैन विपुल गर्ग, पूर्व मेयर मदन चौहान और भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






