कुरुक्षेत्र, 2 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के दौरान जिला कुरुक्षेत्र में धान खरीद, उठान और किसानों को भुगतान का कार्य तेजी से जारी है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कुरुक्षेत्र से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 1 नवंबर 2026 तक जिले में विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा कुल 8,46,668 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें से 8,11,827 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है, जो कुल खरीद का 96 प्रतिशत है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा अब तक 6,20,728 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जिसमें से 5,97,097 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है। इस प्रकार विभाग द्वारा खरीदे गए धान का 96 प्रतिशत उठान पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार हैफेड द्वारा 2,25,940 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जिसमें से 2,14,730 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है। हैफेड द्वारा कुल खरीद का 95 प्रतिशत उठान पूरा कर लिया गया है। किसानों को धान खरीद के बदले भुगतान करने के मामले में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिले में अब तक किसानों को कुल 1,950 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल देय भुगतान का 98 प्रतिशत है। कुल 1,997 करोड़ 90 लाख रुपये की भुगतान राशि में से अधिकांश राशि किसानों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार 1 नवंबर को ही किसानों को लगभग 43 करोड़ 26 लाख रुपये का भुगतान किया गया। खरीद एजेंसियों द्वारा शेष भुगतान की प्रक्रिया भी जारी है। जिला प्रशासन एवं खरीद एजेंसियों द्वारा मंडियों में धान खरीद, उठान और भुगतान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने और उसका भुगतान प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






