Wednesday, November 4, 2026
HomeWorld Newsनेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना से मचा हड़कंप, एक भारतीय की मौत; दोनों...

नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना से मचा हड़कंप, एक भारतीय की मौत; दोनों पायलट घायल

काठमांडू, 03 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह):  नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। यहां फेरीचे इलाके में उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री और दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए काठमांडू पहुंचाया गया।

नेपाल पुलिस के अनुसार दुर्घटना सोलुखुम्बु जिले की खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 के अंतर्गत फेरीचे में हुई। स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 8 बजकर 11 मिनट पर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए।

जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारियों ने मृतक की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामारामाडू के रूप में की है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। इस हेलीकॉप्टर में मौजूद 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी दुर्घटना में घायल हो गए। शैलेश भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी बताए गए हैं।

पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग के मुताबिक घायल शैलेश कृष्ण पटेल को प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से काठमांडू स्थित मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी घायल

हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट भी घायल हुए हैं। उनकी पहचान रवींद्र प्रजापति और प्रज्वल के.सी. के रूप में हुई है। रवींद्र प्रजापति फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर का संचालन कर रहे थे, जबकि प्रज्वल के.सी. एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर के पायलट थे। दोनों को बेहतर उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है।

माउंट एवरेस्ट के रास्ते में स्थित है फेरीचे

फेरीचे नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में काठमांडू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह इलाका माउंट एवरेस्ट बेस कैंप की ओर जाने वाले लोकप्रिय पर्वतीय मार्ग का हिस्सा है। यहां पर्वतारोहियों और पर्यटकों की आवाजाही के कारण हेलीकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल भी किया जाता है।

पुलिस के अनुसार मृतक के शव को लुकला के एक अस्पताल में पहुंचाया गया है। फिलहाल दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्घटना के कारणों और टक्कर से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments