Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaविश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भानवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की...

विश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भानवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की मुलाकात

चंडीगढ़, 3 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को जींद जिले की अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं विश्व चैंपियन मनीषा भानवाला ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कजाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने पर मनीषा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनीषा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि हरियाणा सहित पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मनीषा को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया और हरसंभव सहयोग एवं समर्थन का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम और कोच मनदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

मनीषा भानवाला ने कजाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के 59 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और विश्व चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ वह देश की पहली महिला पहलवान बन गईं, जिन्होंने यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

मनीषा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में जॉर्डन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप के 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा, वर्ष 2026 में आयोजित वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मनीषा की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी रहा है। उन्होंने वर्ष 2022 की एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। इसके बाद वर्ष 2023 और 2024 में भी कांस्य पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। मनीषा भानवाला जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments