कुरुक्षेत्र, 3 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन इस वर्ष 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके तहत मुख्य एवं प्रमुख कार्यक्रम 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित होंगे। इस वर्ष महोत्सव में पार्टनर राज्य पश्चिम बंगाल रहेगा, जिसकी कला-संस्कृति की विशेष झलक महोत्सव में देखने को मिलेगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बैठक में महोत्सव के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को और अधिक भव्य और विविध बनाया जाएगा। मुख्य मंच के साथ-साथ ज्योतिसर में भी सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, ताकि ज्योतिसर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि इस बार गीता जयंती महोत्सव में हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से सांग महोत्सव (सांग उत्सव) का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के प्रसिद्ध सांगियों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समय पर तैयारी पूरी कर लें और कलाकारों के चयन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर पीडीएसीए पवन आर्य, कला एवं सांस्कृतिक विभाग के उपाध्यक्ष महेश जोशी, ए.डी.सी. पंकज सेतिया, केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, राजेश शांडिल्य, विजय नरूला, यूथ, कल्चर एवं सांस्कृतिक विभाग केयूके के निदेशक डॉ. विवेक चावला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






