Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaबच्चों को सभी मूलभूत सुविधाएं, पीने का साफ पानी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा...

बच्चों को सभी मूलभूत सुविधाएं, पीने का साफ पानी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए: विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र, 3 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के किसी भी स्कूल में बच्चों को मिलने वाली तमाम मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक स्कूल में बच्चों के लिए पीने के साफ पानी की समुचित व्यवस्था, शौचालय, बिजली और अच्छी शिक्षा का माहौल सुनिश्चित किया जाए। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं, रैंप और सहायक सामग्री मुहैया करवाई जाए।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में शिक्षा विभाग की विस्तृत रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता की। बैठक में जिले के सभी सरकारी स्कूलों में चल रहे कार्यों और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कि खानपुर जाटान, सैनी माजरा और बिजनपुर गांव के स्कूलों में सुविधाओं की जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में एसडीएम शाहाबाद, सीएमजीजीए, एसडीओ सर्व शिक्षा अभियान, संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच शामिल होंगे। यह कमेटी मौके पर जाकर स्कूलों की सभी सुविधाओं की चेकिंग करेगी और अपनी रिपोर्ट 12 नवंबर तक उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करेगी।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में वर्तमान में 16 साइंस लैब और 16 कंप्यूटर लैब सुचारू रूप से चल रही हैं, इन्हें और अधिक क्रियाशील बनाया जाए। जिन स्कूलों की मरम्मत व मलबे से संबंधित ऑक्शन कैंसिल हो गई थी, उन सभी स्कूलों में 25 दिसंबर तक दोबारा ऑक्शन प्रक्रिया पूरी करवाई जाए। पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके परिजनों से शिक्षक व्यक्तिगत संपर्क करेंगे और विशेष ध्यान देंगे। शिक्षा विभाग में यूनिक व नवाचार कार्य करने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। सभी अधिकारी समय-समय पर स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते रहें। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों की अपार (APAAR) आईडी बनवाने के कार्य में कोई कमी न रहे, इसे शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। मिशन बुनियाद के तहत जिले के हर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बड़े स्कूलों में विशेष आधार कार्ड कैंप लगाए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments