हरियाणा , 4 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दिवाली के त्योहार के दौरान अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने और आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। त्योहार के दौरान पटाखों और अन्य हादसों के कारण जलने तथा सांस संबंधी समस्याओं के मामलों में वृद्धि होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में अलग से बर्न वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
इमरजेंसी केंद्रों में ब्रोंकोडायलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और बर्न ट्रीटमेंट किट जैसी जरूरी दवाइयों एवं मेडिकल सप्लाई की पर्याप्त मात्रा में पहले से व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पटाखों या किसी भी प्रकार के हादसे का शिकार हुए लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में 20 से अधिक बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिवाली के दिन सामान्य दिनों की तुलना में सड़क हादसों, झुलसने और आंखों में चोट लगने की घटनाओं में वृद्धि होती है। इसे देखते हुए इमरजेंसी विभाग के अलावा नेत्र रोग (ऑप्थैल्मोलॉजी), ऑर्थोपेडिक और सर्जरी विभागों में भी बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक और सर्जरी विशेषज्ञों को अलर्ट मोड और ऑन-कॉल ड्यूटी पर रखा जाए, ताकि पीड़ितों को तुरंत और प्रभावी उपचार मिल सके।
दिवाली के दिन किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी, दोनों क्षेत्रों के विशेषज्ञों को तैनात रहने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा, जलने के मरीजों के लिए पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर, बेड, आईवी स्टैंड, आईवी सॉल्यूशन और एंटीबायोटिक्स की आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दिवाली के त्योहार के दौरान मेडिकल कर्मचारियों और विशेषज्ञों को शहर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी तथा नेत्र रोग और ईएनटी विशेषज्ञों की टीमें अस्पतालों में मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए अस्पतालों के ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू में भी विशेष रूप से बेड आरक्षित किए जाएंगे।






