कुरुक्षेत्र, 4 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में साक्षी बाल कुंज लाडवा, वृद्धाश्रम लाडवा तथा सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने साक्षी बाल कुंज लाडवा के दौरे के दौरान बच्चों के रहने की व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान बच्चों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया। बच्चों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया। वृद्धाश्रम, लाडवा के निरीक्षण के दौरान वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के रहन-सहन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन, उचित देखभाल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के महत्व पर जोर दिया गया। उन्होंने सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र के दौरे के दौरान मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस अवसर पर मरीजों के अधिकारों और जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इन संस्थानों के दौरे के माध्यम से बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और मरीजों के हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय सुलभ करवाने, उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा पात्र व्यक्तियों तक नि:शुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डीएलएसए का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी मिले और आवश्यकता पड़ने पर उसे उचित कानूनी सहायता प्राप्त हो सके।






