Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaलोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन व पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं...

लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन व पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित

कुरुक्षेत्र, 4 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उमरी के प्रिंसिपल जगमोहन ने कहा कि युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा की ओर से 19 व 20 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के माध्यम से जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा बढ़-चढक़र भाग ले सकते है।
प्रिंसिपल जगमोहन ने कहा कि युवा महोत्सव के दौरान समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, संस्कृति, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 2100 रुपये से लेकर 41 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण करवाने की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवक-युवतियां राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कुरुक्षेत्र में अपने आधार कार्ड, मैट्रिक प्रमाण पत्र तथा बैंक खाते की प्रति साथ लेकर अपना पंजीकरण करवा सकते है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण होना भी अनिवार्य है। जिला युवा महोत्सव से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस पर संस्थान में पहुंचकर प्रधानाचार्य से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवक-युवतियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाएं और युवा महोत्सव में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments