Thursday, November 5, 2026
HomeHaryana18 और 19 नवंबर को नई दिल्ली में होगी राष्ट्रीय स्तर की...

18 और 19 नवंबर को नई दिल्ली में होगी राष्ट्रीय स्तर की विभागीय समिट – कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़, 5 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आगामी 18 और 19 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की दो दिवसीय “वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान एवं वयो सारथी विभागीय समिट” का आयोजन किया जाएगा। इस समिट का उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार करेंगे, जबकि इसका समापन भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को चंडीगढ़ में विभागीय समिट की तैयारियों को लेकर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के बाद यहां जानकारी दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि समिट को लेकर देशभर के विभिन्न राज्यों से 11,720 सक्रिय सुझाव प्राप्त हुए हैं। इन सुझावों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। यह दो दिवसीय समिट नशामुक्त भारत, विद्यार्थियों को सशक्त बनाने वाली छात्रवृत्ति योजनाओं, दिव्यांगजनों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं तथा सुगम्य एवं विकसित भारत जैसे चार महत्वपूर्ण विषयों और थीम पर आधारित होगी।

श्री बेदी ने कहा कि देश में पहली बार इस प्रकार की विभागीय समिट आयोजित की जा रही है। इसमें दो विषय सामाजिक क्षेत्र से संबंधित हैं, जबकि दो विषय दिव्यांगजनों से जुड़े हैं। इनमें नशीले पदार्थों के सेवन में कमी लाना, छात्रवृत्ति योजनाओं को मजबूत बनाना, दिव्यांगजनों की समय पर पहचान करके उन्हें उचित लाभ प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर बनाना तथा सुगम्य भारत के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास शामिल हैं। पंच निवेश और समावेशी संकल्प पर आधारित इन सुझावों की विस्तार से समीक्षा करके भविष्य की योजनाएं तैयार की जाएंगी और उन्हें लागू किया जाएगा। ये सुझाव सामाजिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि यह समिट समाज में अधिक पहुंच और सशक्तिकरण की दिशा में काम करने के साथ-साथ सभी राज्यों को सामूहिक रूप से कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

इसके अलावा दिव्यांगता के क्षेत्र में चुनौतियों को कम करने के लिए बेहतर कदम उठाए जाएंगे। इस समिट में देश के सभी राज्यों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

इस अवसर पर विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा, निदेशक श्री मुकुल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments