करनाल, 6 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रदेश की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, श्री राव नरबीर सिंह, श्री महीपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा, श्री कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, सरकारी मुख्य चीफ व्हिप एवं विधायक राम कुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, विधायक योगेंद्र राणा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का हरियाणा की पवित्र धरती पर पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दानवीर कर्ण की नगरी करनाल त्याग, सेवा और दान की परंपरा के लिए जानी जाती है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है, जो देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माण में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। मतदाता सूची का एसआईआर (SIR) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और गलत रिकॉर्ड की नियमानुसार जांच करके उचित प्रक्रिया के तहत सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की गलती होने पर संबंधित चुनाव अधिकारी के पास नियमानुसार दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हम दिवाली से पहले अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी जरूरी है। यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने का काम है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के प्रति जागरूक रहें, तथ्यों को समझें, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पालन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, ईमानदारी, भाईचारे और देशभक्ति से है तथा इन सामाजिक एवं संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक योग्य मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक गांव और वार्ड में जाकर योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें। यदि किसी का नाम छूट गया हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी मदद करें। बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में एसआईआर के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन का समापन ‘जय जवान, जय किसान, जय हरियाणा, जय हिंद और भारत माता की जय’ के नारों के साथ किया।






