ओटावा, 06 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): केनैडा सरकार ने अपनी नई इमिग्रेशन नीति के तहत वर्ष 2027 के अंत तक लगभग 6.22 लाख लोगों को स्थायी निवासी (Permanent Resident-PR) का दर्जा देने की योजना बनाई है। संघीय बजट 2026 और 2027-2029 इमिग्रेशन लेवल्स प्लान के तहत सरकार नियमित इमिग्रेशन प्रवेश के साथ-साथ कनाडा में पहले से रह रहे अस्थायी निवासियों को स्थायी निवास में बदलने के लिए एक विशेष, एकमुश्त योजना लागू करने जा रही है।
इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) की ओर से 5 नवंबर को घोषित जानकारी के अनुसार, इस योजना का प्रमुख उद्देश्य कनाडा में पहले से मौजूद 2 लाख अस्थायी निवासियों को 2027 के अंत तक स्थायी निवासी का दर्जा देने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2027 में 4.22 लाख नए स्थायी निवासियों को प्रवेश देने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह नियमित प्रवेश और विशेष ट्रांजिशन योजना को मिलाकर कुल संख्या 6.22 लाख तक पहुंच सकती है।
अस्थायी कामगारों और अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए तय किए गए लक्ष्य
केनैडा सरकार ने नए अस्थायी निवासियों के आगमन को नियंत्रित और स्थिर रखने के लिए 2027, 2028 और 2029 में प्रत्येक वर्ष 3.70 लाख नए अस्थायी निवासियों का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें हर साल 2.20 लाख नए कामगार और अधिकतम 1.50 लाख अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी शामिल होंगे।
वर्ष 2027 के लिए निर्धारित 2.20 लाख कामगारों की सीटों में से 50 हजार अस्थायी विदेशी कामगार कार्यक्रम (Temporary Foreign Worker Program) के लिए रखी गई हैं। इस कार्यक्रम के तहत नियोक्ताओं को लेबर मार्केट इम्पैक्ट असेसमेंट (LMIA) प्राप्त करना होता है। इसके माध्यम से यह प्रमाणित किया जाता है कि संबंधित पद के लिए योग्य कनाडाई नागरिक या स्थायी निवासी उपलब्ध नहीं है।
कुशल कामगारों को प्राथमिकता, एक्सप्रेस एंट्री और PNP की अहम भूमिका
विशेष ट्रांजिशन योजना के तहत 2 लाख अस्थायी निवासियों को स्थायी निवासी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 1 लाख स्थान कुशल कामगारों के लिए निर्धारित किए जाएंगे। इनका चयन एक्सप्रेस एंट्री (Express Entry) और प्रांतीय नामांकित कार्यक्रम (Provincial Nominee Program-PNP) के माध्यम से किया जाएगा। इस प्रक्रिया में प्रांतों और केंद्र शासित क्षेत्रों के साथ समन्वय किया जाएगा।
सरकार की योजना के अनुसार, अगले तीन वर्षों में स्थायी निवासियों के कुल प्रवेश में 64 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आर्थिक इमिग्रेशन का होगा। इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों में कामगारों की कमी दूर करना है, जहां कुशल कर्मचारियों की अधिक जरूरत है।
फ्रेंच भाषा बोलने वाले आवेदकों के लिए भी लक्ष्य तय
कनाडा सरकार ने क्यूबेक प्रांत से बाहर फ्रेंच भाषा बोलने वाले स्थायी निवासियों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। इसके अनुसार, ऐसे आवेदकों की हिस्सेदारी 2027 में 9.5 प्रतिशत, 2028 में 10.5 प्रतिशत और 2029 में बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने की योजना है।
2027 से 2029 तक हर साल 3.80 लाख PR का लक्ष्य
2027-2029 इमिग्रेशन लेवल्स प्लान के तहत कनाडा ने प्रत्येक वर्ष 3.80 लाख नए स्थायी निवासियों को प्रवेश देने का लक्ष्य रखा है। वहीं, नए अस्थायी निवासियों की वार्षिक संख्या 3.70 लाख पर स्थिर रखने की योजना है। सरकार का कहना है कि इस नीति के माध्यम से देश की श्रम बाजार संबंधी जरूरतों को पूरा करने, इमिग्रेशन व्यवस्था को संतुलित रखने और सार्वजनिक सेवाओं पर दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, कनाडा सरकार ने वर्ष 2025 में घोषित दो विशेष पहलों के तहत लंबित मामलों को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। इनमें कनाडा में मौजूद 1.15 लाख तक संरक्षित व्यक्तियों (Protected Persons) और 33 हजार कामगारों को स्थायी निवास देने की योजना शामिल है।
कुल मिलाकर, कनाडा की नई इमिग्रेशन नीति में कुशल कामगारों, पहले से देश में रह रहे अस्थायी निवासियों और अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों से जुड़े प्रवेश लक्ष्यों को अलग-अलग निर्धारित किया गया है। हालांकि, PR का दर्जा स्वतः नहीं मिलेगा; आवेदकों को संबंधित कार्यक्रमों की पात्रता और चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।