फतेहाबाद, 07 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल, ढिंगसरा के प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने जानकारी देते हुए बताया कि आज विद्यालय प्रांगण में दीपावली एवं अन्य प्रमुख त्योहारों के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगीत प्रतियोगिता, त्योहारों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता, कुकिंग प्रतियोगिता, रंगोली तथा दीया सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और जोश के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे विद्यालय का वातावरण उत्सवमय हो गया और विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, ऐतिहासिक परंपराओं एवं त्योहारों के वास्तविक महत्व से परिचित करवाना था। इसी उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता में दीपावली के साथ-साथ इसके आसपास आने वाले विभिन्न त्योहारों जैसे धनतेरस, छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा, अहोई अष्टमी, दशहरा एवं भाई दूज आदि से संबंधित रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्न शामिल किए गए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया, बल्कि भारतीय त्योहारों से जुड़ी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक जानकारियां भी प्राप्त कीं।
उन्होंने बताया कि क्विज प्रतियोगिता को और अधिक रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए सूर्यवंश, चंद्रवंश, शिवशक्ति, महावीर, विजेता, पराक्रम, ज्ञानदीप व तेजस्वी सहित कुल 8 टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम से 8-8 प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के दौरान टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। समान अंक प्राप्त करने वाली टीमों के बीच विजेता का निर्णय करने के लिए टाई-ब्रेकर राउंड तथा रैपिड फायर राउंड का आयोजन भी किया गया। इन विशेष राउंड में विद्यार्थियों ने अपनी त्वरित सोच, सामान्य ज्ञान एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया, जिसमें टीम पराक्रम प्रथम, तेजस्वी द्वितीय व चंद्रवंश तथा शिवशक्ति टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इसी तरह दीया सजाओ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच का सुंदर परिचय देते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगे दीये सजाए। संगीत प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें आपसी सहयोग, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और त्योहारों को ज्ञान, खुशियों एवं आपसी सद्भाव के साथ मनाने की प्रेरणा देना रहा।







