Wednesday, November 18, 2026
HomePunjabनशे के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा परिवार, मानसा में 25वें दिन भी...

नशे के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा परिवार, मानसा में 25वें दिन भी धरना जारी; आज पैतृक खेतों में होगा परविंदर झोटा का अंतिम संस्कार

मानसा, 7 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): नशे के खिलाफ अभियान से जुड़े एंटी ड्रग टास्क फोर्स के नेता परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार आज 7 नवंबर को दोपहर के समय मानसा स्थित उनके पैतृक खेतों में किया जाएगा। उनकी मौत के 25वें दिन चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। जानकारी के अनुसार, परविंदर झोटा का पार्थिव शरीर 5 और 6 नवंबर की मध्यरात्रि को चंडीगढ़ पीजीआई पहुंचाया गया था। यहां पांच डॉक्टरों की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम चंडीगढ़ सेंट्रल डॉ. अतुल की निगरानी में पोस्टमार्टम किया। आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई में समय लगने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया देरी से शुरू हो सकी।

परविंदर सिंह के पिता भीम सिंह फौजी ने बताया कि परिवार ने उनका अंतिम संस्कार अपने पैतृक खेतों में करने का निर्णय लिया है। इस दौरान पिता भीम सिंह, माता अमरजीत कौर और पत्नी मनप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर की जा रही उन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई, जिनमें आरोप लगाया जा रहा है कि परिवार ने दो करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी लेकर समझौता कर लिया है। परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी भी तरह के लालच के आगे नहीं झुकेंगे।

परिवार के सदस्यों ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब परविंदर झोटा को सुरक्षा की जरूरत थी, उस समय उन्हें गनमैन उपलब्ध नहीं करवाए गए, जबकि अब परिवार के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

परिवार ने यह भी ऐलान किया कि उन्होंने अन्न-जल त्याग दिया है और परविंदर झोटा द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की गई लड़ाई को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें सरकार से न तो किसी प्रकार की आर्थिक सहायता चाहिए और न ही कोई सरकारी नौकरी।

इस बीच, मानसा के डिप्टी कमिश्नर आवास के निकट सिरसा-लुधियाना मुख्य मार्ग पर परविंदर झोटा के समर्थन में चल रहा धरना 25वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे लोग अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments