कुरुक्षेत्र, 7 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश में एवं जिला प्रशासन के तत्वाधान में राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय मथाना के आयुष स्टाफ द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में एक भव्य और उपयोगी नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के अनेक ग्रामीण नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस शिविर के दौरान कुल 37 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उनकी बीमारी के अनुसार उचित चिकित्सा परामर्श दिया गया।
इस शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी एएमओ ने ग्रामीणों को दैनिक जीवनचर्या में आयुर्वेदिक जीवन शैली अपनाने, मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खानपान पर विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत, योग सहायक अमृता ने उपस्थित जनसमूह को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया तथा नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।इस शिविर के दौरान औषधि विक्रेता सुभाष चंद्र द्वारा सभी जरूरतमंद रोगियों को विभाग के मानकों के अनुरूप निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक सुलभ, सुरक्षित और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य मेलों और शिविरों से न केवल आमजन को घर के पास स्वास्थ्य लाभ मिलता है, बल्कि वे अपनी सेहत के प्रति जागरूक भी होते हैं। विभाग भविष्य में भी जिले के विभिन्न गांवों और केंद्रों में ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का सिलसिला निरंतर जारी रखेगा।







