Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaकृषि मंत्री ने हथीन, होडल, हसनपुर और पलवल अनाज मंडियों का दौरा...

कृषि मंत्री ने हथीन, होडल, हसनपुर और पलवल अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा

किसानों को सुविधाएं और सम्मान देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, मंडियों में नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी

हरियाणा, 10 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिले की हथीन, होडल, हसनपुर और पलवल अनाज मंडियों का दौरा कर मौजूदा फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के लिए किए गए प्रबंधों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की मेहनत और उनकी उपज का पूरा सम्मान करती है। सरकार का उद्देश्य किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदना सुनिश्चित करना है। किसानों को सुविधाएं देना, उनका सम्मान करना और उनके आर्थिक हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों को गेट पास बनवाने से लेकर फसल बेचने, माप-तौल, उठान और भुगतान तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें।

मंडियों में विकास कार्यों और किसानों की मांगों पर की चर्चा

कृषि मंत्री ने सभी मंडियों में फसल की आवक, उठान प्रक्रिया, किसानों की समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाने और मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने हथीन और पलवल अनाज मंडियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

कृषि मंत्री ने मंडियों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और किसानों की मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को लिखित रूप में दिया जाए, ताकि उनका तुरंत निपटारा किया जा सके।

किसानों को बाजरे की खरीद पर एम.एस.पी. और भावांतर योजना का मिलेगा लाभ

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बाजरे की खरीद और भावांतर योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। यदि बाजार में बाजरे की बिक्री इससे अधिक कीमत पर होती है, तो किसानों को बाजार भाव का लाभ मिलेगा। वहीं, निर्धारित एमएसपी से कम कीमत मिलने की स्थिति में भावांतर योजना के तहत किसानों को कीमत के अंतर की भरपाई की जाएगी।

इस दौरान हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, एसडीएम हरिराम, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, कृषि उपनिदेशक डॉ. जगवीर, चेयरमैन जगविंदर सिंह सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments