Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaराज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाए, श्रद्धालुओं...

राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाए, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में न रहे कोई कमी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

यमुनानगर, 10 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुनानगर जिले के बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को भव्य, दिव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाए। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। इसकी गरिमा और ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में लगभग 122 एकड़ क्षेत्र में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारू यातायात को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, यमुनानगर की उपायुक्त श्रीमती प्रीति, विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री विवेक कालिया और यमुनानगर के अतिरिक्त उपायुक्त श्री नवीन आहूजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मेले में दिखेगी सिख गुरुओं की गौरवशाली विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपालमोचन मेले में एक भव्य और आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाए, जिसमें सिख धर्म के सभी दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास, उनके जीवन दर्शन, शिक्षाओं और समाज के प्रति योगदान को चित्रों सहित प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की स्मृति में अंबाला में बनाए गए शहीदी स्मारक के ऐतिहासिक महत्व को भी प्रमुखता से दर्शाया जाए, ताकि श्रद्धालु देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष से परिचित हो सकें। इसके अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर प्रदेश की विकास यात्रा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विशिष्ट अतिथि भी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बताया कि संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत 24 नवंबर को सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का राज्य स्तरीय प्रकाश पर्व भी बिलासपुर में मनाया जाएगा।

गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो होंगे विशेष आकर्षण

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को यादगार आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और मानवता के लिए उनके संदेश पर आधारित भव्य ड्रोन शो तथा लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि मेले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक और भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएं। इन स्वागत द्वारों के नाम श्री गुरु नानक देव जी, बाबा बंदा सिंह बहादुर सहित अन्य महान संतों और महापुरुषों के नाम पर रखे जाएं। स्वागत द्वारों और मेला परिसर में गुरबाणी के पवित्र शब्द गूंजते रहें, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।

श्रद्धालुओं के लिए लंगर, ठहरने, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की हो उचित व्यवस्था

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। श्रद्धालुओं के लिए लंगर/भंडारे, ठहरने के लिए उचित स्थान, स्वच्छ पेयजल और महिलाओं तथा पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखे जाएं। सफाई व्यवस्था ऐसी हो कि पूरे मेला क्षेत्र में कहीं भी कूड़ा-कचरा दिखाई न दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएं। इससे श्रद्धालुओं को स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएं, ताकि श्रद्धालु मेले के प्रमुख कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।

कपालमोचन मेले का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व, कई राज्यों से पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक कपालमोचन मेला श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस मेले में हर वर्ष हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि कपालमोचन तीर्थ का विशेष पौराणिक महत्व है। यहां स्थित श्री कपालमोचन, श्री ऋणमोचन और श्री सूरजकुंड सरोवर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के केंद्र हैं। श्रद्धालु इन पवित्र सरोवरों में श्रद्धापूर्वक स्नान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सरोवरों की आवश्यक मरम्मत और साफ-सफाई करवाई जाए तथा स्नान के लिए स्वच्छ जल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मेले की ओर जाने वाली सड़कों की हो मरम्मत, रोशनी के प्रबंध और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की ओर जाने वाली सभी सड़कों की आवश्यक मरम्मत समय रहते पूरी करवाई जाए। सभी प्रमुख मार्गों पर रोशनी के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यातायात और ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था की जाए। मेला परिसर के प्रत्येक सेक्टर में वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था हो तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक संग्रहालय की देखभाल और आवश्यक मरम्मत के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें और मेले से जुड़े प्रत्येक प्रबंध को समय रहते अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की ऐतिहासिक गरिमा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर वापस लौटें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments