Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaएच.आई.वी. की सुरक्षित कैटेगरी पाने वाला कुरुक्षेत्र प्रदेश का पहला जिला, अब...

एच.आई.वी. की सुरक्षित कैटेगरी पाने वाला कुरुक्षेत्र प्रदेश का पहला जिला, अब देशभर में सुरक्षित प्लस कैटेगरी में आने का लक्ष्य:पंकज सेतिया

अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने स्वास्थ्य विभाग की जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता, जागरूकता, जांच और इलाज से ही जीती जा सकती है एचआईवी के खिलाफ जंग
कुरुक्षेत्र, 11 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिला ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एचआईवी के मामले में सुरक्षित कैटेगरी प्राप्त करने वाला कुरुक्षेत्र जिला हरियाणा प्रदेश का पहला जिला है। यह जिले के स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और आमजन की जागरूकता का परिणाम है। अब विभाग का अगला लक्ष्य कुरुक्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर एचआईवी की सुरक्षित प्लस कैटेगरी में शामिल करना है, जिसके लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एचआईवी की वर्तमान स्थिति, रोकथाम के उपायों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में विभाग द्वारा अब तक कुल 10085 नागरिकों की एचआईवी जांच की गई है। यह जांच सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आईसीटीसी सेंटरों पर की गई है। इनमें से 162 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि सभी 162 मरीजों को तुरंत एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सेंटर से जोड़ा गया है और उनका निशुल्क इलाज और परामर्श निरंतर जारी है। किसी भी मरीज को इलाज में कोई परेशानी न हो, इसके लिए विभाग द्वारा फॉलोअप भी किया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि पॉजिटिव मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है, जिससे वे सामान्य जीवन जी रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच के दायरे को और बढ़ाया जाए, ताकि कोई भी संक्रमित व्यक्ति जांच से वंचित न रहे। कई बार लोग जानकारी के अभाव में जांच से कतराते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने टोल फ्री नंबर 1079 जारी किया हुआ है। इस नंबर पर कोई भी नागरिक एचआईवी से संबंधित गोपनीय जानकारी, जांच केंद्रों का पता, इलाज और परामर्श सेवाओं के बारे में निशुल्क जानकारी प्राप्त कर सकता है। इस नंबर पर कॉल करने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
उन्होंने कहा कि आमजन में यह संदेश जाना चाहिए कि एचआईवी छूने, साथ खाने या साथ रहने से नहीं फैलता। यह केवल असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई और संक्रमित खून से ही फैलता है। इसलिए डरने की नहीं, बल्कि जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने एचआईवी और एड्स एक्ट 2017 के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस एक्ट के तहत एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति के साथ कार्यस्थल, अस्पताल, शिक्षण संस्थान या समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव करना दंडनीय अपराध है। किसी भी व्यक्ति की एचआईवी रिपोर्ट या उसकी पहचान को उसकी सहमति के बिना सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में इस एक्ट का पालन सुनिश्चित करें और लोगों को इसके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। प्रदेश सरकार एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के कल्याण के लिए बेहद संवेदनशील है। जिले में वर्तमान में 370 एचआईवी मरीजों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत हर महीने पेंशन दी जा रही है। इस पेंशन राशि से मरीजों को अपने पोषण और दवाइयों के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके अलावा उन्हें राशन, बस यात्रा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर दिया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि विभाग का एक ही लक्ष्य है, अधिक से अधिक टेस्ट करके अधिक से अधिक लोगों को इलाज दिया जाए। इसके लिए जिले में विशेष जागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार, हेल्थ कैंप और प्रवासी मजदूरों व ट्रक ड्राइवरों के बीच विशेष स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे एचआईवी को लेकर किसी भी तरह की भ्रांति या शर्म को मन से निकाल दें। इसके लिए समय पर जांच ही बचाव है। गर्भवती महिलाओं को तो अनिवार्य रूप से अपनी एचआईवी जांच करवानी चाहिए, ताकि मां से बच्चे में संक्रमण को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कुरुक्षेत्र जिला जल्द ही देश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल हो, जो एचआईवी की सुरक्षित प्लस कैटेगरी में आते हैं। इसके लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का पूरा प्रयास चल रहा है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डा. रमेश सबरवाल, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और टास्क फोर्स के सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments