हरियाणा, 11 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने बुनियादी एवं प्राकृतिक विज्ञान विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘विज्ञान शिक्षा प्रोत्साहन (POSE) छात्रवृत्ति योजना 2026-27’ के तहत 12 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य विज्ञान के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाना और उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
पात्रता एवं अन्य विस्तृत दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट https://dst.highereduhry.ac.in पर जाकर ‘विद्यार्थी’ टैब के माध्यम से योजना के दिशा-निर्देश देख सकते हैं।
इसके अलावा, आवेदन करने के लिए विद्यार्थी सीधे पोर्टल https://harchhatravratti.highereduhry.ac.in पर जा सकते हैं। यहां उन्हें ‘विद्यार्थी’ टैब के तहत पहले अपना पंजीकरण करना होगा और इसके बाद ऑनलाइन आवेदन जमा करवाना होगा।
यह वेब पोर्टल विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन जमा करवाने के लिए 12 नवंबर 2026 से 12 जनवरी 2027 तक खुला रहेगा।
प्रवक्ता ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर अपने आवेदन पूरे करने की अपील की है।