हरियाणा /पटियाला, 14 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब की जनता ने बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटें देकर ऐतिहासिक जनादेश दिया था। लोगों को उम्मीद थी कि प्रदेश से नशा खत्म होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, किसानों की समस्याओं का समाधान होगा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मिलेगा। आम आदमी पार्टी ने खुद को कट्टर ईमानदार बताकर जनता का विश्वास जीता था, लेकिन आज पंजाब की जनता अपने उन वादों का हिसाब मांग रही है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी के पार्टी में शामिल होने से पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल हुए सभी साथियों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनके लिए गर्व की बात है कि वह पटियाला की इस पवित्र धरती पर मौजूद हैं। पटियाला की धरती के कण-कण में गुरु साहिबानों की शिक्षाएं और कुर्बानियों की गाथाएं समाई हुई हैं। नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी और दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र चरणों से यह धरती पावन हुई है। यहां स्थित गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब और गुरुद्वारा श्री मोती बाग साहिब श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी द्वारा दिया गया सर्वजन के कल्याण का संदेश आज भी हर दिल में बसा हुआ है। यह धरती बाबा आला सिंह जी की वीरता और महाराजा भूपिंदर सिंह जी की विरासत की भी गवाह है।

पंजाब और हरियाणा का रिश्ता राजनीति का नहीं, बल्कि खून और परिवार का रिश्ता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल राजनीति का नहीं, बल्कि खून और परिवार का रिश्ता है। जब पंजाब के लोग दुखी होते हैं तो हरियाणा के लोगों के दिलों में भी पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि जिस पंजाब ने देश का पेट भरने और देश की सीमाओं की रक्षा करने में अपना अहम योगदान दिया, आज उसी पंजाब को कुछ स्वार्थी लोगों ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए पीछे धकेलने का काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान पंजाब के हर घर में रोजगार देने और नशे को खत्म करने के वादे किए थे, लेकिन इन वादों का नतीजा शून्य रहा। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने जनता को भरोसा दिलाया कि वह पंजाब का भला करेगी, लेकिन कांग्रेस से भी आगे बढ़कर पंजाब को लूटने और भ्रष्टाचार की दलदल में धकेलने का काम किया।
चुटकुलों से नहीं, काम से भरता है जनता का पेट
मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि पांच साल चुटकुलों में ही बिता दिए गए। उन्होंने कहा कि चुटकुले सिनेमा हॉल में सुनने में अच्छे लगते हैं, लेकिन जनता के बीच काम की बातें होती हैं। चुटकुलों से प्रदेश का विकास नहीं होता और न ही लोगों की समस्याओं का समाधान होता है। जनता यह देखती है कि सरकार ने उसके लिए क्या काम किया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को 1 हजार रुपये देने, बुजुर्गों को 2,500 रुपये मासिक पेंशन देने, युवाओं को 25 लाख नौकरियां देने, किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीदने और तीन से छह महीनों में नशे को खत्म करने का वादा किया था। गरीबों को मजबूत बनाने की बात भी कही गई थी, लेकिन आज किसान, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सरकार से अपने वादों का हिसाब मांग रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान को चुनौती दी है कि वह श्री अरविंद केजरीवाल को साथ बैठाकर पंजाब की जनता को बताएं कि चुनाव के दौरान किए गए वादों में से कितने पूरे किए गए हैं। पंजाब के किसान, युवा और महिलाएं आज जवाब मांग रहे हैं। केवल चुनाव के समय घोषणाएं करने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
हरियाणा में दो वर्षों में संकल्प पत्र के 76 वादे पूरे, बाकी संकल्पों पर तेजी से काम जारी
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है। सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान 76 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और बाकी संकल्पों पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाने से पहले संकल्प पत्र के एक-एक वादे को पूरा किया जाएगा। यही मोदी सरकार की गारंटी है। यही भाजपा सरकार की कार्यशैली है कि जनता से जो वादा किया जाता है, उसे पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाता है।
हरियाणा देश का पहला प्रदेश, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीदने का वादा किया था, लेकिन आज किसानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने संकल्प के अनुसार किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का फैसला लागू किया है। हरियाणा देश का पहला प्रदेश है, जहां किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। यदि किसान की आलू और सब्जियों की फसल कम कीमत पर बिकती है तो भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से उसकी भरपाई करने का काम भी प्रदेश सरकार करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल खराब होने पर हरियाणा सरकार किसानों को मुआवजा उपलब्ध करवाती है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के किसानों को फसल नुकसान के मुआवजे के रूप में 16,500 करोड़ रुपये उनके खातों में जमा करवाए गए हैं। इसके अलावा पशुओं की मृत्यु होने और मकान क्षतिग्रस्त होने पर भी प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में तो भगवंत मान कहते थे कि यदि आपकी मुर्गी मर जाएगी तो उसका भी मुआवजा देंगे। मेरे पास इतना पैसा है कि मुझे दिल्ली की ओर देखने की जरूरत नहीं है। लेकिन जब आपदा आई तो क्या किया?
उन्होंने पंजाब में बाढ़ के कारण हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पठानकोट पहुंचे और पंजाब के किसानों को लगभग 1600 करोड़ रुपये की सहायता देने का काम किया। इसी तरह हिमाचल प्रदेश को भी प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब के किसानों के लिए केंद्र से मिली सहायता राशि कहां खर्च की गई?
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के दौरान प्रभावित पशुओं को बचाने के लिए उन्होंने तुरंत हरियाणा के मुख्य सचिव को निर्देश दिए थे कि पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की टीम दवाइयों सहित पंजाब भेजी जाए। इसके लिए तीन करोड़ रुपये की दवाइयां खरीदी गईं। हरियाणा के मुख्य सचिव लगातार एक सप्ताह तक पंजाब के मुख्य सचिव से डॉक्टरों की टीम भेजने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आपदा के समय भी राजनीति करना उचित नहीं है। मानवता और सेवा की भावना सबसे ऊपर होनी चाहिए। यह आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि खास आदमी पार्टी है।
हरियाणा में महिलाओं को 2,100 रुपये देने का वादा पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं को 1 हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब चुनाव नजदीक आने पर इस वादे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने महिलाओं को 2,100 रुपये देने का संकल्प लिया था। सरकार बनने के बाद इस दिशा में तेजी से काम किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट में महिलाओं के लिए 5 हजार करोड़ रुपये आरक्षित रखे थे। सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान महिलाओं को इस योजना के तहत 13 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और उनके खातों में लगभग 3 हजार करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन देने का वादा भी पूरा किया है। आज हर महीने की 10 तारीख को बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने का वादा भी पूरा किया है। पात्र परिवारों की महिलाओं के खातों में बाकी राशि जमा करवाने का काम किया जा रहा है, ताकि उनके रसोई के बजट पर असर न पड़े।
हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने पंजाब में भर्ती प्रक्रिया को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के युवा भर्ती में कथित अनियमितताओं और पक्षपात से परेशान हैं। उन्होंने एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती और मेडिकल क्षेत्र में हुई भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों में भाई-भतीजावाद के आरोप सामने आए हैं। मेडिकल भर्तियों को लेकर हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लिया और सरकार को भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं करने के संबंध में जवाब देना पड़ा।
उन्होंने पीसीएस भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के युवा उनसे मिले हैं और उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में न्याय की मांग की है। युवाओं का आरोप है कि उनके साथ अन्याय हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब कहां हैं, वह सीजेपी वालों को साथ लेकर पंजाब के हालात देखें। पंजाब के युवाओं के साथ केजरीवाल और भगवंत मान ने कैसा धोखा किया है। दो महीने बाद पंजाब के युवा आपको जवाब देने का काम करेंगे। झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने वालों को दो महीने बाद पंजाब के युवा जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी भर्ती प्रणाली स्थापित की गई है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में लगभग दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वर्तमान सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान लगभग 46 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं और हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची योग्यता के आधार पर नौकरी दी जा रही है। प्रदेश में 102 एचसीएस अधिकारियों की नियुक्तियां हुई हैं। गरीब परिवारों के बच्चे भी अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर एसडीएम, डीएसपी, इंस्पेक्टर, तहसीलदार और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त हो रहे हैं। कोई भी युवा यह नहीं कह सकता कि उसे नौकरी हासिल करने के लिए किसी को पांच पैसे भी देने पड़े हों। उन्होंने इस दौरान पंजाब की एक बेटी का भी उदाहरण दिया, जिसका चयन इस पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से हुआ है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान द्वारा 60 हजार नौकरियां देने के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद मीडिया के सामने यह बात कही है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब सरकार बताए कि ये नौकरियां किस तरह और किन प्रक्रियाओं के तहत दी गई हैं। भगवंत मान इस संबंध में श्वेत पत्र जारी करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में दो वर्षों के दौरान साढ़े 46 हजार नौकरियां दी गई हैं और साढ़े 16 हजार नौकरियां पाइपलाइन में हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है। जबकि पंजाब सरकार पांच वर्षों में 60 हजार नौकरियां देने का दावा कर रही है। पंजाब के युवाओं को मान साहब जवाब दें।
पंजाब में नशे के कारोबार को खत्म करना भाजपा की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन से छह महीनों में नशे को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज पंजाब का युवा नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के कई लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि नशे के खिलाफ शिकायत करने के बावजूद भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ लोगों का आरोप है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ शिकायत लेकर थाने जाने पर उल्टा शिकायतकर्ताओं पर ही मामले दर्ज कर दिए जाते हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2029 तक पंजाब से नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना भाजपा की गारंटी है। नशे का कारोबार करने वालों को या तो अपना यह गैरकानूनी धंधा छोड़ना होगा या पंजाब छोड़कर कहीं और जाना होगा।
हरियाणा में गरीब परिवारों को मकान, आयुष्मान और चिरायु के माध्यम से लाखों लोगों ने करवाया इलाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में गरीब परिवारों को लगभग 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत प्रदेश में लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक कार्ड बनाए गए हैं और लगभग 40 लाख लोगों ने इन योजनाओं के माध्यम से अपना इलाज करवाया है। इनके इलाज पर लगभग 6 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी गरीब व्यक्ति को इलाज से वंचित न रहना पड़े। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी द्वारा खोले गए मोहल्ला क्लीनिकों पर भी सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे धकेलने का काम किया है। पंजाब के लोग मेहनती, बहादुर और स्वाभिमानी हैं। वे अपने प्रदेश की वास्तविक स्थिति को समझते हैं और आने वाले समय में अपने मताधिकार के माध्यम से उचित फैसला लेंगे।
इस अवसर पर सरदार हरिंदर सिंह सबरवाल, हरियाणा के मार्केट कमेटी चेयरमैन देशराज, पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष बीबा जयइंद्र कौर, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से विधायक सरदार चेतन सिंह जोड़ामाजरा, पटियाला ग्रामीण के अध्यक्ष जसपाल सिंह, जिला अध्यक्ष विजय कुमार, हरदीप चौधरी, पंजाबी कलाकार हैप्पी ढालोवाल, सतबीर सिंह, गुरदीप कोहली, हरदीप कंबोज, गुरतेज ढिल्लों, मुकेश अग्रवाल, मंजू सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







