हरियाणा, 15 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा वन मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुनवाई के लिए कुल 16 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने शिकायतों की सुनवाई के दौरान निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने एक-एक करके सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शेष शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गांव धमाका निवासी नवल सिंह की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम पलवल, डीएसपी होडल सहित ग्रीवेंस कमेटी के दो सदस्यों की एक समिति गठित कर मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की सर्विस रोड पर जलभराव की शिकायत पर एनएचएआई के अधिकारियों को ड्रेन की सफाई करवाकर जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा कि गांव का पानी एनएचएआई की सड़क पर न पहुंचे। इसके अलावा मंत्री राव नरबीर सिंह ने अन्य शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति के सदस्य और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।







