हरियाणा, 15 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने शनिवार को हांसी के राजकीय कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक में लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित सात शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और गंभीरता दिखाएं तथा प्रत्येक शिकायत की तह तक पहुंचकर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में विधायक विनोद भयाना ने भी विभिन्न शिकायतों और क्षेत्र से संबंधित विकास कार्यों को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा।
शिक्षा मंत्री ने बैठक में प्रस्तुत अन्य शिकायतों को भी ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। अधिकारी शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और सभी संबंधित पक्षों से बातचीत करके समाधान निकालें। जिन शिकायतों में विभागीय समन्वय की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम विकास यादव, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज, डीएसपी दिनेश सांगवान, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीआरओ राजकुमार और सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा सहित अन्य अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।







