शाहाबाद, 15 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त के आदेश पर जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने जिला प्रशासन और पुलिस की मदद से गांव पट्टी झामड़ा में दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। 4.25 एकड़ और 2.5 एकड़ में विकसित की जा रही इन कॉलोनियों में दीवारें, इंटरलॉकिंग टाइलें, मैनहोल, कच्ची सड़कें, सीवरेज लाइनें और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि विभाग ने एचडीआर एक्ट 1975 के तहत जमीन मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने और जरूरी अनुमति लेने के निर्देश दिए थे, लेकिन उन्होंने आदेशों का पालन नहीं किया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सस्ते प्लॉट के लालच में अवैध कॉलोनियों में जमीन न खरीदें और खरीदारी से पहले विभाग से कॉलोनी की वैधता की जांच करें। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने पर 50 हजार रुपये तक जुर्माना और तीन साल की कैद हो सकती है।







