असम राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा मुख्यालय का किया दौरा
चंडीगढ़, 17 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा) : असम राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष श्री सिमंता दास और निदेशक मंडल के सदस्यों ने आज हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के मुख्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह ग्रोहा, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना दिसोदिया और निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान दोनों निगमों के प्रतिनिधियों के बीच अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से चलाई जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं के संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और नए कारोबार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के विभिन्न उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा, ऋण वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और वितरित किए गए ऋणों की समयबद्ध एवं प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा सकने वाली रणनीतियों पर भी दोनों पक्षों ने अपने अनुभव साझा किए।
दोनों निगमों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे की योजनाओं, कार्यप्रणाली और सफल पहलों से सीख लेते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में आपसी सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।







