Friday, November 20, 2026
HomeHaryanaराज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम :...

राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम : शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

कैथल, 19 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने की बड़ी जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है।

शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा बुधवार को कैथल में हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा और उनकी तैयारी का स्तर इतना शानदार है कि निर्णायकों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का चयन करना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कला और मेहनत से बेहतरीन प्रस्तुतियां दी हैं। इसके पीछे शिक्षकों का समर्पण, मेहनत और बच्चों को दिया गया मार्गदर्शन है।

श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है। यदि इस युवा शक्ति को कुशल बनाकर उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप अवसर प्रदान किए जाएं, तो भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बच्चों को कौशलयुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्कृति किसी भी समाज की पहचान और उसकी जड़ों का आधार होती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को हरियाणवी लोकगीतों, रागनियों, लोक नृत्यों और पारंपरिक कलाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments