मंत्री राजेश नागर का दावा, खरीफ फसलों की सरकारी खरीद बेहद पारदर्शी और सफल रही
हरियाणा, 19 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में खरीफ सीजन 2026-27 के दौरान धान सहित सभी फसलों की सरकारी खरीद बेहद सुचारू, पारदर्शी और सफल रही है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने इस शानदार और सराहनीय खरीद प्रक्रिया का पूरा श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और किसान हितैषी नीतियों को दिया है।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि राज्य सरकार ने खरीफ सीजन शुरू होने से काफी पहले ही जमीनी स्तर पर व्यापक और ठोस तैयारियां सुनिश्चित कर ली थीं। मंडियों में बारदाने की उपलब्धता से लेकर फसलों का तेजी से उठान और किसानों के बैंक खातों में समय पर भुगतान करने तक, सभी व्यवस्थाओं को बेहद योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया गया।
इस सफलता के लिए उन्होंने प्रशासनिक अमले की भी सराहना की। नागर ने कहा कि प्रशासन ने दिन-रात मेहनत करके मंडियों में ऐसे पुख्ता इंतजाम किए कि कहीं भी किसी तरह की अव्यवस्था या गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रही। किसानों की हर छोटी-बड़ी सुविधा का पूरी संवेदनशीलता के साथ ध्यान रखा गया, जिसके कारण अन्नदाताओं को मंडियों में अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। यही वजह रही कि मंडियों में पहुंचने वाले हर दाने की खरीद की गई और किसानों का पैसा डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंचाया गया।
खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री ने प्रदेशभर के सभी किसानों का धन्यवाद करते हुए कहा कि किसानों के विश्वास, अनुशासन और सहयोग के बिना यह विशाल अभियान इतनी सफलता से पूरा नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार अपने इस संकल्प पर पूरी तरह अडिग है कि किसानों की मेहनत का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और प्रदेश के अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से मजबूत एवं खुशहाल बनाने के लिए लगातार काम किया जाता रहेगा।







