पटियाला, 25 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, पटियाला श्री अवतार सिंह ने बताया कि 12 दिसंबर को सेशन डिवीजन पटियाला में राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जा रही है। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त अनुप्रीता जौहल और अमनदीप कंबोज, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी पटियाला के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान चेक बाउंस के मामले, बैंक रिकवरी के मामले, मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित केस, पारिवारिक झगड़े, विवाह से संबंधित विवाद (तलाक के मामलों को छोड़कर), राजस्व विभाग से संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान और अन्य दीवानी मामलों का निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत के लिए पटियाला जिले में विभिन्न न्यायिक बेंच स्थापित किए जाएंगे, जिनमें पटियाला, राजपुरा, समाना और नाभा शामिल होंगे।
श्री अवतार सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित विवादों और मामलों को निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निपटारा होने से लोगों के कीमती समय और मेहनत की कमाई की बचत होती है तथा लंबी कानूनी प्रक्रिया से भी राहत मिलती है।







