पंजाब में गर्मी से मिलेगी राहत, 27-28 जून को कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चंडीगढ़, 26 जून 2026 : मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकांश इलाकों में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। भीषण गर्मी और उमस से परेशान पंजाब के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 27 और 28 जून को कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसे देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
खासकर अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर और पठानकोट में 27 और 28 जून को भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर और नवांशहर में लगातार बारिश होने के आसार हैं। वहीं चंडीगढ़, मोहाली, लुधियाना, पटियाला और रूपनगर में शुक्रवार रात से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। बठिंडा, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर और मोगा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
फिलहाल पंजाब के कई जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।






