5 आरोपी गिरफ्तार, 4 पिस्तौल, 1 राइफल, 9 कारतूस, 1 खपरा व 4 लोहे के पाइप बरामद
संगरूर, 26 जून 2026 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल (आईपीएस) ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस संगरूर द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लोंगोवाल क्षेत्र में हत्या, हत्या के प्रयास तथा लूटपाट जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल (.32 बोर) सहित चार जिंदा कारतूस, एक देसी पिस्तौल (.315 बोर) सहित दो जिंदा कारतूस, एक देसी पिस्तौल (.30 बोर), एक 12 बोर राइफल सहित तीन कारतूस, एक खपरा तथा चार लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (जांच) दविंदर अत्तरी के दिशा-निर्देशन में सीआईए स्टाफ संगरूर के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप सिंह की टीम को 23 जून 2026 को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कुलजीत सिंह उर्फ टुल्लू, मनजिंदर सिंह उर्फ मनी, हरप्रीत सिंह उर्फ अनमोल, शाहिल उर्फ नेपाली तथा प्रभजोत सिंह उर्फ प्रभ लूट, चोरी और मारपीट की वारदातों की योजना बना रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार और घातक हथियार मौजूद हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर मुकदमा नंबर 103, दिनांक 23 जून 2026 थाना लोंगोवाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने गांव बड़रखां के निकट ड्रेन पुल की पटरी के पास सुनसान स्थान पर छापेमारी कर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार पिस्तौल, एक राइफल, नौ जिंदा कारतूस, एक खपरा तथा चार लोहे के पाइप बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों का रिमांड हासिल कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलजीत सिंह उर्फ टुल्लू, मनजिंदर सिंह उर्फ मनी, हरप्रीत सिंह उर्फ अनमोल तथा शाहिल उर्फ नेपाली हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संगरूर, मानसा, पटियाला और बरनाला जिलों में पहले से वांछित चल रहे थे।